बिलासपुर
झंडूता विधानसभा क्षेत्र के बरठी में पहली बार कांग्रेस पार्टी का कार्यालय खोला गया। कार्यालय का उद्घाटन हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव विवेक कुमार ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय कौशल ने बताया कि झंडूता विधानसभा क्षेत्र में पहली बार कांग्रेस का स्थायी कार्यालय खुला है, जो विवेक कुमार के प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं को एक स्थायी मंच मिलेगा, जहां उनकी समस्याओं और संगठनात्मक गतिविधियों का बेहतर संचालन हो सकेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विवेक कुमार ने कहा कि पूरा झंडूता विधानसभा क्षेत्र उनका परिवार है और क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यालय में प्रतिदिन एक सचिव मौजूद रहेगा, जो लोगों की समस्याओं को दर्ज कर संबंधित विभागों तक पहुंचाने तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
उन्होंने राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी भी लोगों को दी। विवेक कुमार ने कहा कि कार्यालय खुलने से अब क्षेत्र की जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकने की आवश्यकता नहीं होगी और भविष्य में यह कार्यालय जनसेवा का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस सचिव रणबीर रानू, महिला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मृदुल चंदेल, ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष सीताराम नेगी, ज्ञानचंद गंभीर, डॉ. विजय गुलरिया, नरोत्तम धीमान, पूर्व बीडीसी सदस्य सुनीता धीमान, जगदीश शर्मा सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।