बंद बस रूट बहाल करने की मांग को लेकर उपमुख्यमंत्री से मिले विधायक रणधीर शर्मा
बिलासपुर
श्री नैना देवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर शर्मा ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश सचिवालय, शिमला में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट कर विधानसभा क्षेत्र में पिछले तीन वर्षों से बंद पड़े विभिन्न एचआरटीसी बस रूटों को शीघ्र बहाल करने की मांग उठाई।
विधायक रणधीर शर्मा ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष कहा कि बस रूट बंद होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों, नौकरीपेशा कर्मचारियों, वरिष्ठ नागरिकों तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि जनहित को देखते हुए बंद पड़े सभी महत्वपूर्ण बस रूटों को जल्द से जल्द दोबारा संचालित किया जाए।
उपमुख्यमंत्री ने विधायक की मांग को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर, सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि बंद बस रूटों के पुनः शुरू होने से हजारों लोगों को राहत मिलेगी और विद्यार्थियों सहित आम जनता की दैनिक आवाजाही पहले की तरह सुचारु हो सकेगी।