बिलासपुर
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम (SDT) ने थाना घुमारवीं क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब चार किलोग्राम चरस/कैनाविस बरामद की है। पुलिस ने मामले में पंजाब निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार 8 अगस्त 2026 को स्पेशल डिटेक्शन टीम बिलासपुर ने बलोह फोरलेन सड़क पर मल्यावर लिंक रोड के पास वाहन संख्या PB07AC2688 को जांच के लिए रोका। वाहन में सवार दो युवकों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से करीब चार किलोग्राम चरस/कैनाविस बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान रवि कुमार (22) पुत्र कपिल देव, निवासी शक्ति नगर, धोबीघाट, जिला होशियारपुर, पंजाब तथा सुखबीर (28) पुत्र मदन लाल, निवासी कणक मंडी, वार्ड नंबर 24, गढ़ी गेट, जिला होशियारपुर, पंजाब के रूप में की है।
इस संबंध में थाना घुमारवीं में FIR संख्या 156/2026, दिनांक 08.08.2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 व 29 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा बरामद चरस की सप्लाई के बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ बिलासपुर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे की तस्करी करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि बरामद नशे की खेप के स्रोत और इसके आगे सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।