बिलासपुर
जिला बिलासपुर की ग्राम पंचायत बेनला ब्राह्मण ने सामाजिक सरोकार की दिशा में एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल की है। ग्राम पंचायत प्रधान राकेश कुमार ने अपनी निजी निधि से पंचायत के 35 आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के नाम पोस्ट ऑफिस में ₹200 प्रतिमाह की 5 वर्ष की आवर्ती जमा (आरडी) शुरू करवाई है। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों के भविष्य को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना और उनकी शिक्षा में सहयोग करना है।
प्रधान राकेश कुमार ने बताया कि पंचायत केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करेगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भविष्य में किसी प्रकार की आर्थिक सहायता मिल सके, इसी सोच के साथ यह पहल की गई है।
उन्होंने बताया कि पंचायत क्षेत्र में नशे के खिलाफ विशेष जनजागरूकता एवं रोकथाम अभियान भी चलाया जाएगा। युवाओं और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ पंचायत स्तर पर नशे की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
इसके अलावा प्रधान राकेश कुमार ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में घूम-घूमकर सामान बेचने वाले रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं को पहले पंचायत से अनुमति लेनी होगी। पंचायत की अनुमति मिलने के बाद ही उन्हें क्षेत्र में व्यापार करने की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य पंचायत क्षेत्र में बाहरी लोगों की गतिविधियों पर निगरानी रखना और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
प्रधान की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया। लोगों का कहना है कि यदि अन्य पंचायतें भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्य करें तो जरूरतमंद बच्चों के भविष्य को सुरक्षित बनाने में बड़ी मदद मिल सकती है।