बिलासपुर
जिला परिषद जांगला वार्ड से निर्दलीय प्रत्याशी एवं समाजसेवी देवांश चंदेल ने शुक्रवार को एसडीएम झंडुता के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान समर्थकों ने उनका विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच समर्थकों ने उत्साह के साथ उनका अभिनंदन किया।
नामांकन दाखिल करने के बाद देवांश चंदेल ने जनता से आशीर्वाद और समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि जिला परिषद वार्ड से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अभी तक एक सरकारी आईटीआई तक नहीं खुल पाई है, जबकि औद्योगिक क्षेत्र बरसंड भी अपेक्षित प्रगति नहीं कर पाया है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की दलदल से बचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे तथा रोजगार और विकास को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया जाएगा। देवांश चंदेल ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि उन्हें इस चुनाव में एक मौका दें ताकि वे क्षेत्र की सेवा कर सकें और विकास कार्यों को गति दे सकें।