10 दिन में मिला 10 लाख का क्लेम: डाक विभाग ने हादसे के पीड़ित परिवार को दिया त्वरित सहारा
बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश में डाक विभाग और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की समूह दुर्घटना सुरक्षा योजना ने एक बार फिर संवेदनशीलता और तत्परता का उदाहरण पेश किया है। हमीरपुर मंडल के अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार को मात्र 10 दिनों के भीतर बीमा राशि प्रदान कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला बिलासपुर के श्री नैना देवी क्षेत्र के गांव उटप्पर निवासी स्वर्गीय जोगिंदर सिंह का जम्मू के बनी नामक स्थान पर सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था। हादसे के बाद उनके परिवार द्वारा समूह दुर्घटना सुरक्षा (GAG) पॉलिसी के तहत दावा प्रस्तुत किया गया।
सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे होने के बाद डाक विभाग ने तेजी दिखाते हुए महज 10 दिनों के भीतर दावा निपटान कर दिया। आज हमीरपुर मंडल के प्रवर अधीक्षक डाकघर कंचन सिंह चौहान ने मृतक के पुत्र पंकज कुमार को 10 लाख रुपये की बीमा राशि का चेक सौंपा।
इस मौके पर प्रवर अधीक्षक ने कहा कि इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की यह योजना बेहद कम प्रीमियम में आम लोगों को व्यापक बीमा सुरक्षा प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि ऐसी योजनाएं आकस्मिक परिस्थितियों में परिवार को आर्थिक सहारा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
डाक विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे इस प्रकार की किफायती बीमा योजनाओं से जुड़कर खुद और अपने परिवार को सुरक्षित करें।
यह घटना जहां एक ओर हादसे की पीड़ा को दर्शाती है, वहीं दूसरी ओर सरकारी योजनाओं की प्रभावशीलता और त्वरित कार्रवाई की मिसाल भी पेश करती है।
Comments
Post a Comment