215 से अधिक परिवारों की सहभागिता, पीएम आवास योजना, 16वें वित्त आयोग की कार्ययोजना और सुरक्षा संबंधी प्रस्तावों पर लगी मुहर
बिलासपुर। श्री नैना देवी जी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कल्लर में पहली ग्राम सभा का आयोजन पंचायत प्रधान दीपक ठाकुर की अध्यक्षता में किया गया। ग्राम सभा में 215 से अधिक परिवारों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान उपप्रधान राकेश राणा, बीडीसी सदस्य जगतंबा ठाकुर, सभी वार्ड सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्राम सभा में पंचायत के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पिछली ग्राम सभा की कार्यवाही की पुष्टि, पंचायत के आय-व्यय का अनुमोदन तथा 16वें वित्त आयोग की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) सर्वेक्षण-2024 के अनुमोदन सहित विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप अन्य प्रस्तावों पर भी सहमति बनी।
ग्राम सभा के दौरान सैनी गैस एजेंसी की ओर से उपभोक्ताओं की मौके पर ही केवाईसी प्रक्रिया पूरी की गई, जिससे ग्रामीणों को सुविधा मिली।
बैठक में पंचायत क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से चिट्टा जैसे घातक नशे के खिलाफ विशेष समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। ग्राम सभा ने सर्वसम्मति से तय किया कि नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए प्रशासन और पुलिस के सहयोग से सख्त कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।
इसके अलावा ग्राम सभा में यह निर्णय भी लिया गया कि किन्नरों को स्वेच्छा से दी जाने वाली राशि 2100 रुपये से अधिक नहीं होगी। वहीं पंचायत क्षेत्र में बाहरी फेरीवालों और घूम-घूमकर सामान बेचने वाले व्यक्तियों के लिए पंचायत की पूर्व अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) को अनिवार्य करने का भी निर्णय लिया गया। पंचायत का कहना है कि यह फैसला स्थानीय लोगों की सुरक्षा और पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।
ग्राम सभा के अंत में पंचायत प्रधान दीपक ठाकुर ने सभी ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायत के विकास, पारदर्शिता और जनभागीदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी तथा सभी निर्णय जनता के हितों को ध्यान में रखकर लागू किए जाएंगे।