बिलासपुर
प्रदेश युवा सेवा एवं खेल विभाग के खेल छात्रावास उत्कृष्टता केंद्र बिलासपुर में प्रवेश के लिए दो दिवसीय चयन ट्रायल गुरुवार से शुरू हो गए। पहले दिन लड़कों के लिए एथलेटिक्स, बॉक्सिंग और जूडो प्रतियोगिताओं के ट्रायल आयोजित किए गए, जिनमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से 242 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
खेलवार भागीदारी की बात करें तो एथलेटिक्स में 105, बॉक्सिंग में 83 और जूडो में 54 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता, फिटनेस, तकनीकी कौशल तथा राज्य, राष्ट्रीय, सब-जूनियर, जूनियर और स्कूल स्तर की खेल उपलब्धियों के आधार पर मूल्यांकन किया जा रहा है।
ट्रायल ऑब्जर्वर अनुराग वर्मा ने बताया कि पहले दिन खिलाड़ियों में काफी उत्साह देखने को मिला। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से निर्धारित मानकों के अनुसार संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को लड़कियों के लिए एथलेटिक्स, बॉक्सिंग और जूडो के ट्रायल आयोजित होंगे।
उन्होंने कहा कि चयनित खिलाड़ियों को खेल छात्रावास में आवास, पौष्टिक भोजन, चिकित्सा सुविधा, खेल किट, आधुनिक खेल सामग्री तथा विशेषज्ञ प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही खिलाड़ियों की नियमित शिक्षा भी निर्बाध रूप से जारी रहेगी।
विभाग ने ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों से जन्मतिथि प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, खेल उपलब्धियों के मूल एवं सत्यापित प्रमाण पत्र तथा पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाने के निर्देश दिए हैं।