बिलासपुर
एनटीपीसी कोलडैम द्वारा निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत संचालित बालिका सशक्तिकरण अभियान-2026 का शुभारंभ मंगलवार को उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने किया। यह अभियान 14 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक चलेगा, जिसमें परियोजना प्रभावित क्षेत्रों की 48 बालिकाएं भाग ले रही हैं। अभियान का उद्देश्य बालिकाओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और जीवन कौशल को बढ़ावा देना है।
उद्घाटन समारोह में परियोजना प्रमुख एस. एस. राव ने सभी प्रतिभागी बालिकाओं का स्वागत करते हुए कहा कि एनटीपीसी कोलडैम शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। संगिनी संघ की अध्यक्षा श्रीमती नर्मदा राव ने भी बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें इस अवसर का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में मानव संसाधन प्रमुख श्रीमती मंगला हरीन्द्रन, डॉ. ईशा सिंह, श्री विनोद कुमार, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के डीसी, डीएवी विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती एकता, उप महाप्रबंधक (सीएसआर) डॉ. अंजुला अग्रवाल, संगिनी संघ की पदाधिकारी, एनटीपीसी कोलडैम यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी तथा प्रतिभागी बालिकाओं के अभिभावक भी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि एनटीपीसी कोलडैम भारत सरकार के 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 से अब तक इस अभियान के माध्यम से करीब 300 बालिकाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं नीति-निर्माण, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और ऐसे कार्यक्रम बालिकाओं को सही समय पर सही अवसर तथा उचित मार्गदर्शन प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ाते हैं।
उपायुक्त ने एनटीपीसी कोलडैम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान समाज में बालिका शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने का सराहनीय प्रयास है।