बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग हमीरपुर द्वारा घोषित जेबीटी (पोस्ट कोड-25004) भर्ती परीक्षा के अंतिम परिणाम में जिला बिलासपुर के घुमारवीं उपमंडल की ग्राम पंचायत संडयार की बहू तमन्ना कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिलासपुर जिला मेरिट में पांचवां स्थान हासिल किया है। तमन्ना कुमारी का चयन जेबीटी शिक्षक के पद पर हुआ है। आयोग की ओर से जारी जिला-वार मेरिट सूची के अनुसार तमन्ना कुमारी ने बिलासपुर जिले के शीर्ष पांच अभ्यर्थियों में जगह बनाई है। वहीं, प्रदेश की समग्र मेरिट सूची में उन्होंने 72वां स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
तमन्ना कुमारी सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य कुलदीप सिंह ठाकुर की पुत्रवधू हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित रिश्तेदारों और पूरे संडयार (बाढ़द) क्षेत्र में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने तमन्ना कुमारी को इस शानदार सफलता के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
595 अभ्यर्थियों का हुआ चयन :
उल्लेखनीय है कि जेबीटी भर्ती प्रक्रिया में प्रदेशभर से 595 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। ऐसे प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान हासिल करना तमन्ना कुमारी की मेहनत, लगन और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। तमन्ना कुमारी की सफलता प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं और अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर सरकारी शिक्षक पद तक पहुंचने की उनकी उपलब्धि ने संडयार (बाढ़द) गांव का नाम रोशन किया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि तमन्ना कुमारी की मेहनत और सफलता अन्य युवाओं को भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।