बिलासपुर सुनील ठाकुर
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर श्री नैना देवी जी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत टाली जकातखाना में योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठजनों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
योग शिक्षिका श्रीमती सपना देवी ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास करवाया तथा योग के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान प्रधानमंत्री के संदेश को भी साझा किया गया, जिसमें योग को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का आधार बताया गया।
कार्यक्रम में पंचायत समिति सदस्य रूप लाल ठाकुर, उपप्रधान प्रभु राम, सुनील ठाकुर, नन्द लाल, श्रीमती वीना ठाकुर तथा वार्ड सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर योगाभ्यास में भाग लेकर योग के प्रति उत्साह प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर भाजपा बिलासपुर के जिला अध्यक्ष कृष्ण लाल चंदेल ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक शांति का भी सशक्त साधन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है, जो प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने युवाओं और बच्चों से नियमित योग अपनाकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा योग के माध्यम से स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देना रहा। अंत में सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।