प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर बढ़ाया जिला बिलासपुर का मान, परिजनों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर
बिलासपुर
जिला बिलासपुर की बेटी रिधिमा ठाकुर ने चंडीगढ़ में आयोजित मॉडलिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया है। रिधिमा को उनकी प्रतिभा और बेहतरीन प्रदर्शन के लिए ‘मिस हिमाचल ग्लो ऑफ द ईयर’ के खिताब से नवाजा गया। इस उपलब्धि से उन्होंने अपने परिवार, गांव और जिला बिलासपुर का नाम रोशन किया है।
रिधिमा ठाकुर जिला बिलासपुर की ग्राम पंचायत दयोथ के गांव कहाली की रहने वाली हैं। उनके पिता का नाम मधु नेगी और माता का नाम रीमा ठाकुर है। रिधिमा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनी मातरनी की छात्रा हैं। उन्होंने चंडीगढ़ में आयोजित मॉडलिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया और प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त किया।
रिधिमा की इस उपलब्धि से उनके परिवार सहित गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों, स्कूल के शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें इस सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों का कहना है कि रिधिमा की यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।