बिलासपुर
स्पेशल टास्क फोर्स (STF) बिलासपुर की टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों के कब्जे से 101 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 जून की मध्यरात्रि को STF बिलासपुर की टीम एएसआई आशु वर्मा के नेतृत्व में धारशनी (बिलासपुर) फोरलेन पर नाकाबंदी एवं वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो कार को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन में सवार तीन व्यक्तियों के कब्जे से 101 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान जगवीर सिंह, हरप्रीत सिंह तथा जसविंदर सिंह, निवासी तहसील एवं जिला मोगा, पंजाब के रूप में की है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना झंडूता, जिला बिलासपुर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
डीएसपी मदन धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि STF बिलासपुर की टीम ने नाकाबंदी के दौरान यह सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है। साथ ही नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।