बिलासपुर
सचिव, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, बिलासपुर प्रतीक गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण नई दिल्ली के दिशा-निर्देशानुसार व राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण, शिमला के तत्वाधान में आज ’विश्व वृद्ध दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस‘ के अवसर पर अपना घर वृद्धाश्रम, देवली (घागस) में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को विश्व वृद्ध दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के महत्व एवं उद्देश्य के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष 15 जून को विश्व वृद्ध दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस मनाया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य वृद्धजनों के साथ होने वाले शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक एवं आर्थिक शोषण के प्रति समाज को जागरूक करना तथा उनके अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता संबंधी प्रावधानों की जानकारी भी दी।
प्रतीक गुप्ता ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं तथा उनके सम्मान, सुरक्षा एवं गरिमापूर्ण जीवन को सुनिश्चित करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। इस कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना गया। उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। इस कार्यक्रम में लगभग 17 लोगों ने भाग लिया।