बिलासपुर
उपायुक्त राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला बिलासपुर में आगामी 17 से 26 जून तक नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के उपलक्ष्य में “नशा मुक्त भारत अभियान: विकसित भारत की पहचान” विषय पर आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जिला के सभी शिक्षण संस्थानों, सरकारी विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा अन्य संबंधित संगठनों के सहयोग से व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों में विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में प्रतियोगिताएं, सेमिनार, वेबिनार, कार्यशालाएं, छात्र रैलियां, मानव श्रृंखलाएं, नुक्कड़ नाटक तथा खेल गतिविधियां शामिल रहेंगी। इसके अतिरिक्त प्रत्येक विद्यालय एवं महाविद्यालय परिसर में नशा मुक्त भारत अभियान के नाम एक पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा तथा युवाओं और आमजन को नशे के विरुद्ध ई-प्रतिज्ञा लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, कर्मचारियों तथा आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने जिला के सभी विभागों, शिक्षण संस्थानों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों तथा आम नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि 26 जून को जिला के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा सरकारी कार्यालयों में नशे के विरुद्ध सामूहिक शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उपायुक्त ने कहा कि नशे के खिलाफ जन-आंदोलन खड़ा करना समय की आवश्यकता है तथा सभी के सामूहिक प्रयासों से ही स्वस्थ, सुरक्षित और नशा मुक्त समाज का निर्माण संभव है।