बिलासपुर
बृज मार्शल आर्ट अकादमी बिलासपुर में कराते का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर जिला बिलासपुर का नाम रोशन किया है। नोएडा में आयोजित डीएवी क्लस्टर गेम्स की राष्ट्रीय कराते प्रतियोगिता में इन खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विभिन्न पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता से पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों के सम्मान में बृज मार्शल आर्ट अकादमी की ओर से भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया।
प्रतियोगिता में शौर्य सोनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, शानवी कौशल और शेरन सेन ने रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके अलावा देवांश बिष्ट ने कांस्य पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता में सिया गुप्ता, अंशिका गौतम और मौर्य ने भी भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
खिलाड़ियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं नगर परिषद बिलासपुर के उपाध्यक्ष नरेंद्र पंडित ने शिरकत की। इस दौरान मुख्य अतिथि ने हिमाचली परंपरा के अनुसार खिलाड़ियों को हिमाचली टोपी, शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में नरेंद्र पंडित ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की इस उपलब्धि के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह मेहनत जारी रखने और खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि आज युवा पीढ़ी को नशे जैसी बुराइयों से बचाना बेहद जरूरी है। खेल एक ऐसा सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए युवा न केवल शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बन सकते हैं, बल्कि अपने जीवन को सकारात्मक दिशा भी दे सकते हैं।
अकादमी के डायरेक्टर एवं मुख्य प्रशिक्षक बृज लाल चौहान ने अकादमी परिवार की ओर से सभी खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने मुख्य अतिथि नरेंद्र पंडित का कार्यक्रम में पहुंचने और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए आभार व्यक्त किया।