बिलासपुर सुनील ठाकुर
नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना घुमारवीं की टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से 4.100 किलोग्राम चरस बरामद कर मंडी जिला के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 26 जून को घुमारवीं थाना की टीम बलोह फोरलेन सड़क पर मल्यावर लिंक रोड के समीप वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मंडी की ओर से आ रही एक अल्टो K-10 कार (अस्थायी नंबर TO226 CH2598) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 4.100 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लेखराज (34) पुत्र तुलसी राम निवासी गांव सुराड़ी, डाकघर खड़याड़, तहसील कोटली, जिला मंडी, राज कुमार (36) पुत्र राम दास निवासी गांव व डाकघर बाली चौकी, तहसील बाली चौकी, जिला मंडी तथा रोहित कुमार (25) पुत्र दिनेश कुमार निवासी गांव देवधार, डाकघर तल्याहड़, जिला मंडी के रूप में हुई है।
पुलिस ने इस संबंध में थाना घुमारवीं में अभियोग संख्या 126/26, दिनांक 26 जून 2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि चरस कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच जारी है तथा आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मामले की पुष्टि बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने की है।