बिलासपुर संवाददाता
घुमारवीं पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी हुए सभी आभूषण बरामद कर लिए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 26 जून 2026 को पुलिस थाना घुमारवीं में शिकायत दर्ज कराई गई कि घुमारवीं बस अड्डा क्षेत्र में शिकायतकर्ता के बैग से उसकी पत्नी के सोने एवं चांदी के आभूषण चोरी हो गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात का पर्दाफाश किया। इस दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत पुत्र सूरज भान निवासी आर्य नगर, गुहाना, जिला सोनीपत (हरियाणा), विनय कुमार पुत्र सुरेंद्र कुमार निवासी अशरफगढ़, जिला जींद (हरियाणा), राकेश कुमार पुत्र राजा सिंह निवासी गुहाना, जिला सोनीपत (हरियाणा) तथा सूरजभान पुत्र बारू राम निवासी गुहाना, जिला सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी हुए सोने एवं चांदी के सभी आभूषण बरामद कर लिए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित संलिप्तताओं की भी पड़ताल की जा रही है।
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चोरी के इस मामले को 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया। उन्होंने कहा कि चोरी हुए सभी आभूषण बरामद कर लिए गए हैं और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच जारी है।