बिलासपुर
भारतीय जनता पार्टी मंडल भराड़ी द्वारा रविवार को भटेड़ स्थित दिनेश मैरिज पैलेस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक कार्यक्रम 'मन की बात' का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष कृष्ण लाल चंदेल ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन के प्रशिक्षण अभियान को निर्धारित समय में शत-प्रतिशत पूरा करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के उपरांत कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर कृष्ण लाल चंदेल ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता के लिए योगदान प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रशिक्षण अभियान संगठन की विचारधारा और कार्यशैली को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
मंडल अध्यक्ष जोरावर सिंह ने भी बूथ अध्यक्षों और पदाधिकारियों से प्रशिक्षण अभियान को शत-प्रतिशत पूर्ण कराने का आग्रह किया। वहीं जिला सह मीडिया प्रभारी एवं 'मन की बात' सह-संयोजक युवा मोर्चा डॉ. ऋतिक शर्मा ने कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यम से प्रशिक्षण अभियान पूरा करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन कर पंजीकरण, लॉगिन और प्रशिक्षण मॉड्यूल की जानकारी दी।
कार्यक्रम में गाहर पंचायत की प्रधान अनीशा शर्मा, कोषाध्यक्ष एवं वार्ड सदस्य जोगिंदर, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष रोहित, महामंत्री हरीश सहित मंडल के पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।