बिलासपुर सुनील ठाकुर
श्री नयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर शर्मा के नेतृत्व में क्षेत्र के प्रधानों, उपप्रधानों तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने आज उपायुक्त बिलासपुर के माध्यम से मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश को एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में जारी अधिसूचना के तहत श्री नयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत डिग्री कॉलेज श्री नयना देवी जी में कॉमर्स तथा डिग्री कॉलेज जुखाला में साइंस एवं कॉमर्स की कक्षाओं को बंद कर दिया गया है। सरकार के इस निर्णय से क्षेत्र की आम जनता, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में भारी रोष व्याप्त है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए डिग्री कॉलेज श्री नयना देवी जी में कॉमर्स तथा डिग्री कॉलेज जुखाला में साइंस एवं कॉमर्स की कक्षाओं को तत्काल प्रभाव से पुनः बहाल किया जाए। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इन विषयों के बंद होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा तथा उन्हें अन्य स्थानों पर जाना पड़ेगा, जिससे आर्थिक बोझ भी बढ़ेगा।
विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि शिक्षा सुविधाओं में कटौती किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है। उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य तथा क्षेत्र की जनभावनाओं का सम्मान करते हुए उक्त निर्णय को शीघ्र वापस लिया जाए और बंद की गई कक्षाओं को पुनः शुरू किया जाए।
इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक जिला परिसद के सदस्य लेख राम ठाकुर, तरसेम सिंह बरपग्गा , मंडल अध्यक्ष नंद लाल ठाकुर ,प्रधान, उपप्रधान, पंचायत प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।