बिलासपुर
भगत सिंह वर्मा ने बरमाणा वार्ड में अपना चुनावी अभियान तेज करते हुए ग्राम पंचायत देवली के तहत आने वाले गांव मकड़ोग, चमलोग, अम्बा का सुआ और कोल में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। अभियान के दौरान ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया और क्षेत्र से जुड़ी कई समस्याएं उनके समक्ष रखीं।
जनसंपर्क के दौरान लोगों ने सड़क सुविधा, पेयजल संकट, बिजली व्यवस्था, ग्रामीण विकास और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से इन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस मौके पर भगत सिंह वर्मा ने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि यदि जनता उन्हें अपना आशीर्वाद देकर विजयी बनाती है तो वह बरमाणा वार्ड के हर गांव के विकास को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं बल्कि क्षेत्र की समस्याओं का स्थायी समाधान करना है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। साथ ही युवाओं और महिलाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
चुनावी अभियान के दौरान ग्रामीणों का उत्साह देखने लायक रहा। कई स्थानों पर लोगों ने भगत सिंह वर्मा के समर्थन में नारे लगाए और उन्हें भारी समर्थन देने का भरोसा दिलाया। इससे बरमाणा वार्ड में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है।