बिलासपुर
जिला परिषद जांगला वार्ड से भाजपा प्रत्याशी अनूप महाजन का जनसंपर्क अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। मंगलवार को अनूप महाजन अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ बहना जट्टा तथा आसपास के क्षेत्रों में पहुंचे, जहां उन्होंने लोगों से मुलाकात कर जनसमर्थन मांगा। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया।
जनसंपर्क अभियान के दौरान अनूप महाजन ने घर-घर जाकर लोगों से संवाद किया और आगामी चुनाव में ताला-चाबी चुनाव चिन्ह पर मोहर लगाकर उन्हें विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल राजनीति का मंच नहीं, बल्कि क्षेत्र की सेवा और विकास का अवसर है। उन्होंने कहा कि वह राजनीति करने नहीं, बल्कि सेवा भाव के साथ जनता के बीच आए हैं और जांगला वार्ड को विकास की नई दिशा देना उनका मुख्य उद्देश्य है।
अनूप महाजन ने भाजपा की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी हमेशा विकास और पारदर्शिता की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें आशीर्वाद देती है तो वह वार्ड में विकास कार्यों को गति देंगे और हर क्षेत्र तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि उनका सपना जांगला वार्ड को “स्मार्ट वार्ड” के रूप में विकसित करना है। इसके तहत सड़क, पानी, बिजली, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, युवाओं के लिए सुविधाएं और डिजिटल सेवाओं को बेहतर बनाया जाएगा। गांवों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत कर लोगों को बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।
इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। जनसंपर्क अभियान में लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने अनूप महाजन को समर्थन देने का भरोसा दिलाया।
अंत में अनूप महाजन ने कहा कि जनता का प्यार और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आगामी चुनाव में ताला-चाबी चुनाव चिन्ह पर मोहर लगाकर उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं, ताकि क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।