बिलासपुर
जिला बिलासपुर में नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान बैलेट पेपर, ईवीएम मशीनों और अन्य चुनावी सामग्री की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए विशेष पुलिस टीमें तैनात की जाएंगी।
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि जिले की 182 पंचायतों के 1140 वार्डों के अलावा जिला परिषद और बीडीसी चुनावों के लिए जब बैलेट पेपर और चुनावी सामग्री की मूवमेंट शुरू होगी, तब चुनाव पार्टियों के साथ पुलिस बल भी सुरक्षा के लिए तैनात रहेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव सामग्री की हर गतिविधि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत पुलिस निगरानी में करवाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिला बिलासपुर में नगर निकाय के कुल 34 वार्ड हैं, जहां 17 मई को मतदान प्रस्तावित है। वहीं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव 26, 28 और 30 मई को विभिन्न चरणों में आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए पुलिस विभाग ने रैंक वाइज मैनपावर तय कर ली है और चुनाव तिथियां नजदीक आते ही पुलिस फोर्स की तैनाती और मूवमेंट शुरू कर दी जाएगी।
एसपी संदीप धवल ने कहा कि ईवीएम मशीनों और बैलेट पेपर की सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। स्ट्रांग रूम सहित सभी संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और पुलिस कर्मियों को समय-समय पर ब्रीफिंग देकर उनकी जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि जिला पुलिस प्रशासन का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाना है, ताकि मतदाता निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।