बिलासपुर
भारतीय जनता पार्टी बिलासपुर के जिला अध्यक्ष कृष्ण लाल चंदेल ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास, पारदर्शिता और जनसेवा की राजनीति में विश्वास रखती है तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि, हर घर जल योजना और स्वच्छ भारत अभियान जैसी योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंचा है, जिससे गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं को विशेष लाभ मिला है।
कृष्ण लाल चंदेल ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में रही भाजपा सरकार के कार्यकाल को विकासोन्मुख बताते हुए कहा कि उस दौरान ग्रामीण सड़कों का विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण, जल जीवन मिशन के तहत पेयजल व्यवस्था और महिला एवं युवा कल्याण से जुड़ी कई योजनाएं शुरू की गई थीं, जिनका लाभ प्रदेश की जनता को आज भी मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर भाजपा समर्थित प्रतिनिधियों के चुने जाने से केंद्र और पूर्व भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचेगा। जिला अध्यक्ष ने मतदाताओं से विकास, सुशासन और मजबूत पंचायत व्यवस्था के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील की।
उन्होंने विश्वास जताया कि पंचायत चुनावों में जनता का भरपूर सहयोग और समर्थन भाजपा को मिलेगा तथा पंचायत स्तर पर विकास की नई इबारत लिखी जाएगी।