बिलासपुर
जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पहले ही दिन जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी मैदान में ताल ठोक दी।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि जिला परिषद के विभिन्न वार्डों के लिए कुल 17 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इनमें वार्ड नंबर-2 गाहर से 2, वार्ड नंबर-4 ननावां से 1, वार्ड नंबर-5 बडगांव से 3, वार्ड नंबर-7 जेजवीं से 1, वार्ड नंबर-8 जांगला से 1, वार्ड नंबर-9 बामटा से 1, वार्ड नंबर-10 बरमाणा से सर्वाधिक 5, वार्ड नंबर-11 नम्होल से 1, वार्ड नंबर-12 जुखाला से 1 तथा वार्ड नंबर-13 स्वाहण से 1 उम्मीदवार ने अपना नामांकन दाखिल किया।
पंचायत समितियों के लिए भी कुल 116 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरे हैं। इनमें घुमारवीं पंचायत समिति से 48, झंडूता पंचायत समिति से 34, श्री नैना देवी जी पंचायत समिति से 11 तथा सदर पंचायत समिति से 23 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र जमा करवाए हैं।
उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि 8 और 11 मई को भी सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक संबंधित कार्यालयों में नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 12 मई 2026 को सुबह 10 बजे से की जाएगी, जबकि 14 और 15 मई को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 26, 28 और 30 मई को संबंधित ग्राम पंचायतों में मतदान करवाया जाएगा, जबकि 31 मई को सुबह 9 बजे से मतगणना शुरू होगी।
जिले में पंचायत चुनावों के पहले दिन ही उम्मीदवारों की सक्रियता ने चुनावी माहौल को गर्मा दिया है। खासकर जिला परिषद और पंचायत समिति स्तर पर कई वार्डों में मुकाबला रोचक होने के संकेत मिल रहे हैं।