बिलासपुर
झंडूता विधानसभा क्षेत्र के विधायक जीतराम कटवाल ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की मजबूत कड़ी हैं और गांवों तक विकास का उजाला पहुंचाने में इनकी अहम भूमिका है। उनका उद्देश्य लोकतंत्र को जमीनी स्तर तक पहुंचाना तथा प्रशासन में ग्रामीणों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने का नहीं, बल्कि विकास की गति को निरंतर बनाए रखने का चुनाव है।
बुधवार को जिला परिषद के जांगला वार्ड से भाजपा समर्थित प्रत्याशी अनूप महाजन तथा रोहल वार्ड से जरनैल सिंह चंदेल के समर्थन में आयोजित चुनाव प्रचार अभियान के दौरान विधायक जीतराम कटवाल ने गालियां, समोह, गेहड़वीं, डाहड और बाला पंचायतों में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि झंडूता विधानसभा क्षेत्र में पिछले आठ वर्षों में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, पुल, सामुदायिक भवन, खेल मैदान और पेयजल योजनाओं सहित अनेक विकास कार्य हुए हैं, जो धरातल पर स्पष्ट दिखाई देते हैं। यह सब प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में केंद्र सरकार की राष्ट्रवादी सोच और विकसित भारत के संकल्प के कारण संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि इसी विकास के दम पर तलाई नगर पंचायत चुनाव में भाजपा ने जीत की हैट्रिक बनाई।
जीतराम कटवाल ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अपनी चुनावी गारंटियां पूरी करने में विफल रही है और विकास कार्यों को गति नहीं दे पाई। उन्होंने कहा कि भाजपा समर्थित प्रत्याशी ही लोगों की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे और हर गांव तक विकास की गंगा पहुंचाएंगे।
विधायक ने युवाओं और बच्चों को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि खेल गतिविधियों से जुड़कर वे कुरीतियों से बच सकते हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में खेल मैदान, जिम और खेलकूद प्रतियोगिताओं को बढ़ावा देने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। साथ ही अभिभावकों से भी बच्चों पर नजर रखने और उन्हें गलत रास्ते पर जाने से रोकने की अपील की।