रोहिण में युवक मंडल के साथ संवाद, युवाओं को नशे से दूर रहने और खेल गतिविधियों से जुड़ने का संदेश; क्रिकेट किट भी भेंट
बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश सहकारी बैंक के निदेशक एवं समाजसेवी सुनील शर्मा ने रोहिण गांव का दौरा कर युवक मंडल रोहिण के सदस्यों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने युवाओं के साथ संवाद करते हुए प्रदेश सरकार की युवा केंद्रित नीतियों एवं योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की युवा शक्ति को सही दिशा और अवसर प्रदान करके ही हिमाचल को विकास के पथ पर तेजी से आगे ले जाया जा सकता है।
सुनील शर्मा ने युवाओं से नशे से पूरी तरह दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। युवाओं को नशे से बचाने के लिए उन्हें खेल, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने युवक मंडल के सदस्यों से गांव में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने तथा अधिक से अधिक युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध करवाने पर जोर दिया जा रहा है। कौशल प्रशिक्षण और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं का लाभ उठाकर युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुरूप उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।
युवक मंडल निभा सकते हैं महत्वपूर्ण भूमिका
सुनील शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में युवक मंडलों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। युवक मंडल युवाओं को संगठित कर नशामुक्ति, खेल, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता जैसे अभियानों को प्रभावी रूप से आगे बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का भी प्रभावी माध्यम हैं।
युवक मंडल रोहिण को भेंट की क्रिकेट किट
इस अवसर पर सुनील शर्मा ने युवक मंडल रोहिण को क्रिकेट किट भेंट की। उन्होंने युवाओं को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने तथा गांव के अन्य युवाओं को भी खेलों से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। क्रिकेट किट मिलने पर युवक मंडल के सदस्यों ने उनका आभार व्यक्त किया।
बैठक के दौरान युवाओं ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं को भी सुनील शर्मा के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि युवाओं से संबंधित मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित स्तर पर उठाने के प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर पंचायत के पूर्व प्रधान सुरजन सिंह चंदेल सहित युवक मंडल के सदस्य एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।