बिलासपुर
बरमाना वार्ड में चुनावी पोस्टरों को लेकर शुरू हुए विवाद के बीच एक प्रत्याशी ने बयान जारी कर विरोधियों पर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए सहानुभूति की राजनीति करने का आरोप लगाया है।
प्रत्याशी ने कहा कि कुछ लोग पोस्टरों पर पोस्टर चिपकाने जैसे षड्यंत्र कर माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव मैदान में कुल सात प्रत्याशी हैं, फिर केवल एक ही प्रत्याशी के पोस्टरों पर इस प्रकार की घटनाएं होना सोचने का विषय है।
उन्होंने कहा कि बाहोट कसोल में लगे पोस्टरों पर संबंधित प्रत्याशी के समर्थकों द्वारा लिखी गई शब्दावली उनकी मानसिकता को दर्शाती है। साथ ही आरोप लगाया कि कई स्थानों पर उनके पोस्टर भी फाड़े गए, लेकिन उन्होंने कभी सोशल मीडिया पर किसी पर आरोप लगाकर इसे मुद्दा नहीं बनाया, क्योंकि उन्हें जनता के समर्थन और प्यार पर भरोसा है।
प्रत्याशी ने कहा कि बरमाना वार्ड की जनता समझदार है और वह व्यक्ति के विजन, व्यवहार और कार्यशैली के आधार पर अपना मत देगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह सकारात्मक राजनीति में विश्वास रखते हैं और आगे भी विकास के मुद्दों को लेकर ही चुनाव लड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि अब फैसला जनता को करना है कि उन्हें काम करने वाला प्रतिनिधि चाहिए या फिर इस प्रकार के प्रपंच कर माहौल खराब करने वाली राजनीति।