बिलासपुर
जिला परिषद नमहोल वार्ड-11 से प्रत्याशी मीना ठाकुर ने चुनाव प्रचार अभियान के तहत डिग्थली पंचायत के विभिन्न गांवों का दौरा कर घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं।
मीना ठाकुर ने कहा कि यदि जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है तो वह क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में जहां-जहां स्टाफ की कमी है, उन समस्याओं को सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा और आवश्यक पदों को भरवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी निरंतर कार्य किया जाएगा। मीना ठाकुर ने भरोसा दिलाया कि जनता की हर समस्या को जिला परिषद और संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उसका समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से समर्थन और आशीर्वाद देने की अपील करते हुए कहा कि जनहित उनके लिए सर्वोपरि रहेगा।