बिलासपुर
जिला परिषद चुनाव को लेकर बरमाणा वार्ड में राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। इसी कड़ी में जिला परिषद प्रत्याशी भगतसिंह वर्मा ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत नोग के गांव कोहाग, टिककर व नोग में व्यापक चुनावी जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की तथा अपने पक्ष में समर्थन मांगा।
जनसंपर्क अभियान के दौरान भगतसिंह वर्मा का स्थानीय ग्रामीणों द्वारा जगह-जगह स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया और क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को उनके समक्ष रखा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने भी भाग लिया।
भगतसिंह वर्मा ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बरमाणा वार्ड लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रहा है। क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है तो वे पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति को तेज करना उनकी प्राथमिकता होगी। गांवों में बेहतर सड़क सुविधा, पेयजल व्यवस्था को मजबूत करना, युवाओं के लिए खेल और रोजगार के अवसर बढ़ाना तथा महिलाओं के हितों के लिए विशेष योजनाएं लाने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने लोगों से आगामी चुनाव में समर्थन और आशीर्वाद देने की अपील की। ग्रामीणों ने भी उनकी बातों को गंभीरता से सुना और कई स्थानों पर उन्हें सकारात्मक समर्थन मिलता दिखाई दिया।
जनसंपर्क अभियान में उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर लोगों को चुनाव में अधिक से अधिक मतदान करने के लिए प्रेरित किया। पूरे अभियान के दौरान क्षेत्र में चुनावी माहौल देखने को मिला।