बिलासपुर
जिला परिषद जांगला वार्ड से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अनुप महाजन को चुनाव प्रचार के दौरान जनता का भरपूर सहयोग और समर्थन मिल रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को अनुप महाजन ने गेहड़वीं क्षेत्र में अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया।
इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और अपने पक्ष में समर्थन मांगा। जनसंपर्क अभियान के दौरान क्षेत्र के लोगों ने भी अनुप महाजन का गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों से बातचीत करते हुए अनुप महाजन ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि वार्ड के विकास को नई दिशा देना है। उन्होंने कहा कि वह जनता के बीच एक प्रत्याशी के रूप में नहीं बल्कि विकास की उम्मीद बनकर पहुंचे हैं। अनुप महाजन ने कहा कि यदि जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है तो वार्ड में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे मूलभूत मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधा, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए जनता की भागीदारी और सहयोग बेहद जरूरी है। जनसंपर्क अभियान के दौरान युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव उनके सामने रखे, जिन्हें अनुप महाजन ने गंभीरता से सुना। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि जनता इस बार विकास और सकारात्मक सोच के आधार पर मतदान करेगी तथा अनुप महाजन को भारी समर्थन मिलेगा।