द्रोबड़ ग्राम पंचायत में सिद्ध बाबा बालक नाथ दंगल कमेटी की ओर से विशाल दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में हिमाचल प्रदेश सहित बाहरी राज्यों से आए पहलवानों ने अपने दांव-पेंच दिखाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पूरे दिन चले मुकाबलों में कुश्ती प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी रही।
इस अवसर पर राज्य सहकारी बैंक के निदेशक एवं कांग्रेस पार्टी के युवा नेता सुनील शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। दंगल कमेटी के प्रधान नंदलाल शर्मा, सचिव मनशाराम चौहान, कोषाध्यक्ष प्रकाश चंद कौंडल तथा सलाहकार जगदीश चंद्र ठाकुर ने मुख्य अतिथि का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। मुख्य अतिथि सुनील शर्मा ने दंगल कमेटी को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में भाईचारे और आपसी सद्भाव को मजबूत करते हैं।
उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में इस तरह के आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए, ताकि युवा खेलों की ओर प्रेरित हों और अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ा सकें। प्रोत्साहन स्वरूप सुनील शर्मा ने दंगल कमेटी को अपनी ओर से 5100 रुपये की राशि भी भेंट की।