हरनोड़ा पंचायत में जनसंपर्क अभियान के दौरान किया बड़ा ऐलान
बिलासपुर
बरमाणा जिला परिषद वार्ड से प्रत्याशी रोहित ठाकुर ने मंगलवार को हरनोड़ा पंचायत में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से मुलाकात की और अपना चुनावी विजन जनता के सामने रखा। इस दौरान उन्होंने वार्ड की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए एक स्थायी कार्यालय खोलने का ऐलान किया।
रोहित ठाकुर ने कहा कि अक्सर लोगों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है, लेकिन उनके कार्यालय में हर व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनी जाएगी और समस्याओं के समाधान के लिए तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय केवल नाम मात्र का नहीं होगा, बल्कि इसकी मॉनिटरिंग वह स्वयं करेंगे ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि जनता का प्रतिनिधि बनने का अर्थ केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि लोगों के सुख-दुख में हमेशा उनके साथ खड़ा रहना भी होता है। जनता के बीच रहकर ही विकास की वास्तविक तस्वीर समझी जा सकती है और उसी आधार पर योजनाएं बनाई जाएंगी।
रोहित ठाकुर ने बरमाणा वार्ड में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने का संकल्प लेते हुए कहा कि सभी सार्वजनिक स्थलों पर सोलर लाइटें लगाई जाएंगी, ताकि लोगों को रात के समय किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य है कि वार्ड का कोई भी क्षेत्र अंधेरे में न रहे और हर गांव तथा मोहल्ला रोशनी से जगमगाए।
उन्होंने कहा कि सोलर लाइटें लगने से बिजली की बचत होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होगी। सड़क, पानी, बिजली, सफाई और युवाओं के लिए बेहतर सुविधाएं उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेंगी।
जनसंपर्क अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने सड़क सुविधा, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और युवाओं के लिए रोजगार जैसे मुद्दे भी रोहित ठाकुर के समक्ष उठाए। इस पर उन्होंने आश्वस्त किया कि इन समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाकर संबंधित विभागों से लगातार संपर्क बनाए रखा जाएगा।