बिलासपुर
नगर परिषद और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल कुमार ने बुधवार को घुमारवीं उपमंडल में स्थापित विभिन्न स्ट्रांग रूम और काउंटिंग हॉल का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम, कलरी कॉलेज में स्थापित बीडीसी और जिला परिषद के स्ट्रांग रूम तथा नगर परिषद के रैहन बसेरा में बनाए गए काउंटिंग हॉल का दौरा किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, रिकॉर्ड सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की।
उपायुक्त राहुल कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी स्ट्रांग रूम और मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के तय मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मतदान केंद्रों और काउंटिंग हॉल में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता भी हर हाल में सुनिश्चित की जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन नगर निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता के साथ संपन्न करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है तथा 8 और 11 मई को भी उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, एसडीएम गौरव चौधरी और बीडीओ अभिषेक शर्मा भी मौजूद रहे।