हिमाचल में पंचायत चुनावों का आज ऐलान, 31,214 सीटों पर बजेगा चुनावी बिगुल



शिमला
हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों की तारीखों का ऐलान आज किया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग दोपहर 3:40 बजे चुनावी शेड्यूल जारी करेगा। जैसे ही तारीखों की घोषणा होगी, पूरे प्रदेश में आचार संहिता लागू हो जाएगी और गांव-गांव में सियासी गतिविधियां तेज हो जाएंगी।

पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर प्रदेशभर में पहले ही माहौल गरमा चुका है। संभावित उम्मीदवारों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं और समर्थकों के जरिए सोशल मीडिया व जमीनी स्तर पर जनसमर्थन जुटाने की कवायद तेज हो गई है। पंचायत चौपालों से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चुनावी चर्चाएं जोर पकड़ चुकी हैं।

31,214 सीटों पर मुकाबला
इस बार पंचायत चुनावों में कुल 31,214 सीटों पर चुनाव होंगे। इनमें पंचायत सदस्य के 21,678 पद, पंचायत प्रधान के 3,758, उपप्रधान के 3,758, पंचायत समिति के 1,769 और जिला परिषद के 251 पद शामिल हैं। हर स्तर पर कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।

कांगड़ा सबसे आगे, लाहौल-स्पीति सबसे पीछे
प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा में सबसे अधिक 6,977 सीटों पर चुनाव होंगे, जबकि लाहौल-स्पीति में सबसे कम 378 सीटें हैं। इसके अलावा मंडी में 4,762, शिमला में 3,523, चंबा में 2,584, सोलन में 2,216, ऊना में 2,139, कुल्लू में 2,043, हमीरपुर में 1,998, बिलासपुर में 1,615, सिरमौर में 2,344 और किन्नौर में 635 सीटों पर चुनाव होंगे।

पिछली बार से 636 सीटें ज्यादा
साल 2021 के पंचायत चुनावों में 30,578 सीटों पर मतदान हुआ था, जबकि इस बार सीटों की संख्या बढ़कर 31,214 हो गई है। यानी इस बार 636 अधिक सीटों पर चुनाव होंगे, जिससे चुनावी मुकाबला और व्यापक होने जा रहा है।
पंचायत चुनावों की तारीखों के ऐलान के साथ ही प्रदेश में लोकतंत्र का सबसे बड़ा ग्रामीण उत्सव शुरू हो जाएगा और गांव की सरकार बनाने की प्रक्रिया तेज हो जाएगी।

No comments:

Post a Comment

हिमाचल में पंचायत चुनावों का आज ऐलान, 31,214 सीटों पर बजेगा चुनावी बिगुल

शिमला हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों की तारीखों का ऐलान आज किया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग दोपहर 3:40 बजे चुनावी शेड्यूल जारी ...