बिलासपुर में पंचायती राज चुनाव प्रक्रिया शुरू, 26, 28 व 30 मई को मतदान


बिलासपुर

राज्य चुनाव आयोग द्वारा पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव की घोषणा के साथ ही जिला बिलासपुर में भी चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि जिले में मतदान तीन चरणों में 26, 28 और 30 मई को होगा, जबकि नामांकन प्रक्रिया 7 मई से आरंभ होगी। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही पूरे जिले में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है।
उपायुक्त ने बताया कि जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के अंतर्गत जिला परिषद के 14 वार्ड, चार पंचायत समितियों के 97 वार्ड तथा 182 ग्राम पंचायतों के 1140 वार्ड शामिल हैं। विकासखंडवार विवरण के अनुसार सदर ब्लॉक में 49 पंचायतें (311 वार्ड), घुमारवीं में 63 पंचायतें (403 वार्ड), झंडूता में 45 पंचायतें (283 वार्ड) तथा श्री नैना देवी जी ब्लॉक में 25 पंचायतें (143 वार्ड) शामिल हैं।
जिले में कुल 3,14,120 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 1,57,772 पुरुष और 1,56,348 महिला मतदाता शामिल हैं। खंडवार आंकड़ों के अनुसार सदर में 80,309, घुमारवीं में 1,18,267, झंडूता में 78,351 तथा श्री नैना देवी जी में 37,193 मतदाता पंजीकृत हैं। इसके अलावा अनुपूरक मतदाता सूची में 1,541 नए मतदाताओं को जोड़ा गया है।
उन्होंने बताया कि चुनाव तीन चरणों में होंगे। प्रथम चरण में 62, द्वितीय चरण में 62 और तृतीय चरण में 58 ग्राम पंचायतों में मतदान कराया जाएगा। विकासखंड के अनुसार घुमारवीं में प्रत्येक चरण में 21 पंचायतों, सदर में क्रमशः 17, 17 और 15 पंचायतों, झंडूता में 15-15 पंचायतों तथा श्री नैना देवी जी में 9, 9 और 7 पंचायतों में मतदान होगा।
उपायुक्त राहुल कुमार ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

No comments:

Post a Comment

बिलासपुर में पंचायती राज चुनाव प्रक्रिया शुरू, 26, 28 व 30 मई को मतदान

बिलासपुर राज्य चुनाव आयोग द्वारा पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव की घोषणा के साथ ही जिला बिलासपुर में भी चुनावी प्रक्रिया शुरू हो ...