बिलासपुर
एम्स बिलासपुर के पहले बैच के विद्यार्थियों को राष्ट्रपति के हाथों डिग्री मिलना हिमाचल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह केवल दीक्षांत समारोह नहीं, बल्कि बिलासपुर में राष्ट्रीय स्तर के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा संस्थान की स्थापना के संकल्प के धरातल पर उतरने का प्रमाण है। यह बात भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कही।
गर्ग ने कहा कि बिलासपुर में एम्स लाने के लिए केंद्रीय स्तर पर किए गए प्रयासों में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आज जब एम्स का पहला बैच डिग्री लेकर निकला है तो इससे स्पष्ट है कि संस्थान घोषणा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि एम्स बिलासपुर का सबसे बड़ा लाभ प्रदेश की जनता को मिल रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग यहां उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए पहले हिमाचल के मरीजों को दिल्ली, चंडीगढ़ और अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। एम्स में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने से लोगों को प्रदेश में ही विशेषज्ञ उपचार मिल रहा है और समय व खर्च की बचत हो रही है।
हजारों लोगों को मिल रहा स्वास्थ्य लाभ
गर्ग ने कहा कि एम्स का लाभ केवल बिलासपुर जिले तक सीमित नहीं है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से मरीज उपचार के लिए यहां पहुंच रहे हैं। गंभीर बीमारियों और विशेषज्ञ उपचार के लिए प्रदेश से बाहर जाने की जरूरत पहले की अपेक्षा कम हुई है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर एम्स ने जिले को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है।
रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़े
पूर्व मंत्री ने कहा कि एम्स की स्थापना से स्वास्थ्य सेवाओं के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। टैक्सी, होटल, ढाबे, दुकानें और अन्य छोटे कारोबार इससे जुड़े लोगों को लाभ पहुंचा रहे हैं। एम्स बिलासपुर की स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है।
गर्ग ने कहा कि जेपी नड्डा का लक्ष्य बिलासपुर एम्स को देश के प्रमुख एम्स संस्थानों के समकक्ष विकसित करना है। संस्थान में सुविधाओं और ढांचागत विकास के विस्तार से आने वाले समय में इसकी क्षमता और बढ़ने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि बिलासपुर एम्स की स्थापना से विद्यार्थियों को प्रदेश में ही चिकित्सा शिक्षा के अवसर मिले हैं और मरीजों को आधुनिक उपचार की सुविधा उपलब्ध हुई है। उन्होंने एम्स की स्थापना के लिए किए गए प्रयासों में जेपी नड्डा की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।