बिलासपुर
शिक्षा खंड झंडूत्ता के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरठी में तीन दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-19 सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव विवेक कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। स्कूल पहुंचने पर प्रधानाचार्य सुरेश शर्मा व स्टाफ ने विवेक कुमार को शॉल व हिमाचली टोपी पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विवेक कुमार ने प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों ने इंस्ट्रूमेंटल और वोकल दोनों विधाओं में शानदार प्रस्तुतियां दी हैं। उन्होंने हिमाचल की लोक गायिका गंभरी देवी, भगवान दास सहित अन्य लोक कलाकारों के योगदान की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को संगीत की महान परंपरा से जोड़ते हुए तानसेन द्वारा प्रस्तुत दीपक राग तथा उनकी पुत्री द्वारा गाए गए मल्हार राग का उदाहरण भी दिया।
एडीपीओ जगदेव मेहता ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय इन प्रतियोगिताओं में बिलासपुर जिले के 25 स्कूलों के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन 178 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि तीन दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार को ‘वॉइस ऑफ पंजाब’ रहे गौरव कोंडल संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। वहीं, समापन समारोह में स्थानीय पंचायत प्रधान उमा शर्मा बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी।
इस मौके पर शिक्षा उपनिदेशक नरेश कुमारी चंदेल, प्रधानाचार्य सुरेश शर्मा, पंचायत प्रधान उमा शर्मा, आत्मा प्रोजेक्ट के अध्यक्ष मनिंदर चंदेल, कैप्टन करतार सिंह, श्याम सुंदर परमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।