बिलासपुर
कोलकाता में आयोजित 27वीं सब जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश की होनहार बेटियों अर्चिता और श्रेया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर प्रदेश की झोली में स्वर्ण पदक डाल दिया। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिला बिलासपुर में खुशी की लहर है। इससे पहले हैदराबाद में आयोजित 26वीं सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में भी अर्चिता और श्रेया ने डबल स्कल स्पर्धा में हिमाचल प्रदेश के लिए ऐतिहासिक स्वर्ण पदक हासिल किया था।
अर्चिता और श्रेया ने अपनी रोइंग की शुरुआती ट्रेनिंग बिलासपुर के बर्माणा स्थित साई एसटीसी वाटर स्पोर्ट्स एक्सटेंशन सेंटर में कोच मनीषा और कोच संजीव सिंह के मार्गदर्शन में प्राप्त की। राष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन के चलते पिछले वर्ष दोनों खिलाड़ियों का चयन केरल स्थित नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (एनसीओई) के लिए हुआ। वर्तमान में दोनों खिलाड़ी वहीं उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
कोच मनीषा ने बताया कि अर्चिता और श्रेया ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर लगातार सफलता हासिल की है। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से न केवल हिमाचल प्रदेश बल्कि बिलासपुर जिले का नाम भी रोशन हुआ है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल की बेटियां रोइंग के क्षेत्र में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। जिस तरह अर्चिता और श्रेया राष्ट्रीय स्तर पर अपना दबदबा बना रही हैं, उससे उम्मीद है कि आने वाले समय में वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।