बिलासपुर
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बिलासपुर से नैना देवी जा रही बस में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बस के परिचालक पर नशे की हालत में होने तथा सवारियों से किराया लेने के बावजूद टिकट जारी नहीं करने के आरोप लगे। यह बस बिलासपुर बस अड्डे से शाम 5:40 बजे नैना देवी के लिए चलने का निर्धारित समय था।
सवारियों ने परिचालक के खिलाफ बिलासपुर बस अड्डा प्रभारी से शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद बस अड्डा प्रभारी फरोज खान ने तत्काल एक कर्मचारी को जबली भेजकर बस को रुकवाया। इसके बाद अड्डा प्रभारी स्वयं भी जबली पहुंचे और बस में मौजूद सवारियों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली।
सवारियों ने बताया कि परिचालक ने उनसे किराये के पैसे तो ले लिए, लेकिन टिकट नहीं दिया। इसी दौरान एक यात्री ने आरोप लगाया कि उससे कोठीपुरा से कल्लर तक का पूरा किराया लिया गया, लेकिन टिकट जारी नहीं किया गया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद बिलासपुर बस अड्डा प्रभारी फरोज खान ने दूसरे परिचालक को बस के साथ भेजा। इसके बाद बस को जबली से नैना देवी के लिए रवाना किया गया।
स्थानीय लोगों ने मामले पर चिंता जताते हुए कहा कि सार्वजनिक परिवहन सेवा में इस तरह की लापरवाही से यात्रियों को परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की लापरवाही के कारण यदि बस सेवाएं प्रभावित होती हैं या रूट बंद होते हैं तो इसका खामियाजा आम यात्रियों को भुगतना पड़ता है। लोगों ने मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।