बिलासपुर
वन विभाग में उत्कृष्ट कार्य, नवाचार और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले बिलासपुर के तीन अधिकारियों को प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने Appreciation Award देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान मिलने से वन विभाग में खुशी का माहौल है। सम्मानित अधिकारियों में आरएफओ सदर बिलासपुर नरिंदर सिंह दयाल, डिप्टी रेंजर संजय तथा डिप्टी रेंजर प्रीतम शामिल हैं।
आरएफओ सदर बिलासपुर नरिंदर सिंह दयाल को वनरोपण कार्यक्रम में सीड बॉल तकनीक के अभिनव प्रयोग तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। सीड बॉल तकनीक के माध्यम से पौधरोपण को प्रभावी बनाने की दिशा में उनके प्रयासों को विशेष रूप से सराहा गया।
इसके अलावा फोरलेन निर्माण के दौरान ब्रह्मपुखर के समीप पीपल के पेड़ के सफल ट्रांसलोकेशन में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका के लिए भी उन्हें Appreciation Award प्रदान किया गया। विकास कार्य के दौरान पेड़ को बचाकर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की यह पहल पर्यावरण संरक्षण के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
सिल्वीकल्चरल ऑपरेशन के लिए संजय और प्रीतम को सम्मान
वहीं डिप्टी रेंजर संजय और डिप्टी रेंजर प्रीतम को सफल सिल्वीकल्चरल ऑपरेशन के लिए मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। दोनों अधिकारियों ने वन प्रबंधन से जुड़े कार्यों को सफलतापूर्वक अंजाम देकर विभाग की कार्यप्रणाली को मजबूत करने में योगदान दिया।
वन विभाग में खुशी का माहौल
मुख्यमंत्री द्वारा बिलासपुर के तीन अधिकारियों को सम्मानित किए जाने से वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में खुशी की लहर है। विभागीय स्तर पर भी तीनों अधिकारियों के कार्यों की सराहना की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के सम्मान से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है और वे पर्यावरण संरक्षण एवं वन संवर्धन के कार्यों में और अधिक समर्पण के साथ काम करने के लिए प्रेरित होते हैं।
बिलासपुर के इन तीनों अधिकारियों को मिले सम्मान को जिले के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है। नरिंदर सिंह दयाल, संजय और प्रीतम को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए बधाई देने का सिलसिला जारी है।