बिलासपुर
चेतना संस्था विजयपुर एवं जन शिक्षण संस्थान बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय कैप्टन कमलेन्द्र शर्मा जी एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमति रक्षा शर्मा जी रहे। इस अवसर पर चेतना संस्था के पूर्व उपाध्यक्ष श्री ओम प्रकाश गर्ग जी, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी श्री अमरसिंह काशव जी, उपाध्यक्ष श्री मनोज शर्मा जी, उपाध्यक्षा श्रीमती नीना कौशल जी, कोषाध्यक्ष श्री प्रमोद शर्मा जी, रिटायर्ड सूबेदार श्री ध्यानसिंह जी, उप प्रधान श्रीमती शैलजा शर्मा जी, समाजसेविका श्रीमती संतोष जोशी जी, जिला पोशक समन्वयक श्रीमति रुचिका, सुपरवाइजर श्रीमति हेमलता जी, ब्लॉक पोषक समन्वयक श्री अमित वर्मा जी, निदेशक श्री अरुण कुमार गौतम जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत मुख्य अतिथि द्वारा मोरिंगा के पौधे का पौधारोपण किया गया। सरस्वती वंदना एवं मुख्य अतिथि के सम्मान समारोह के बाद उपाध्यक्ष श्री मनोज शर्मा जी ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया।
समारोह में डे-केयर सेंटर बिलासपुर एवं विजयपुर के विशेष बच्चों ने देशभक्ति गीत, कविता, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता टीम (श्रीमती रीतू एवं समूह) द्वारा समूहगान तथा डिप्लोमा प्रशिक्षुओं द्वारा समूह नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं।
उपाध्यक्ष श्रीमती नीना कौशल जी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने प्रेरणादायक संबोधन में मुख्य अतिथि कैप्टन कमलेन्द्र शर्मा जी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और समर्पण को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और हमें समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण तथा कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए।
उन्होंने चेतना संस्था द्वारा दिव्यांगजन कल्याण, विशेष बच्चों की शिक्षा, पुनर्वास और कौशल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि संस्था समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत के रूप में कार्य कर रहा है और विशेष बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सराहनीय प्रयास कर रहा है। उन्होंने संस्था की अध्यक्षा डॉ. मल्लिका नड्डा जी के नेतृत्व, समर्पण और सेवा भावना की विशेष सराहना करते हुए उनके प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने जन शिक्षण संस्थान बिलासपुर द्वारा कौशल विकास एवं आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी प्रशंसा की और सभी उपस्थित जनों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में निदेशक चेतना संस्थान एवं जन शिक्षण संस्थान बिलासपुर श्री अरुण कुमार गौतम जी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समारोह में चेतना संस्थान, जन शिक्षण संस्थान, डी.एड. स्टाफ एवं प्रशिक्षु, विशेष विद्यालय के छात्र-छात्राएं तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।