बिलासपुर
जिला परिषद सदस्य जांगला वार्ड देवांश चंदेल ने तहसील झंडुता में बढ़ते चिट्टा (हेरोइन) एवं अन्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर चिंता व्यक्त करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक बिलासपुर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से झंडुता क्षेत्र में चिट्टा और अन्य मादक पदार्थों का अवैध कारोबार लगातार बढ़ रहा है, जिसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले युवाओं पर पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया तो यह समस्या भविष्य में गंभीर सामाजिक संकट का रूप ले सकती है।
देवांश चंदेल ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले झंडुता में चिट्टे के साथ पकड़े गए एक व्यक्ति के खिलाफ राजनीतिक प्रभाव के चलते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। बाद में स्थानीय लोगों द्वारा दोबारा पकड़े जाने के बावजूद उसके खिलाफ कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से नशा तस्करों के हौसले बढ़े हैं और आम जनता का कानून व्यवस्था पर भरोसा प्रभावित हुआ है।
ज्ञापन में समोह, बैहना जट्टां, बैरी दड़ोला, सेर, झंडुता, बैहरन, बाला, नगराओं, बलघाड़ और आनंदघाट सहित कई क्षेत्रों में चिट्टा आसानी से उपलब्ध होने की शिकायतों का उल्लेख किया गया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग कई बार पुलिस को संदिग्ध तस्करों की सूचना दे चुके हैं, लेकिन अधिकांश मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पाई। उनका कहना है कि उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर लगातार और निष्पक्ष अभियान चलाकर इस अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने झंडुता के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष नशा विरोधी अभियान चलाने, नशा तस्करों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने, प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने, स्कूलों, कॉलेजों और पंचायत स्तर पर नशा जागरूकता अभियान चलाने तथा नियमित गश्त और खुफिया तंत्र को और अधिक मजबूत करने की मांग की है।
देवांश चंदेल ने कहा कि झंडुता क्षेत्र के युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि पुलिस प्रशासन इस अभियान में स्थानीय युवाओं और जनप्रतिनिधियों का सहयोग चाहता है तो वे हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जिला पुलिस प्रशासन इस गंभीर विषय पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा।