बिलासपुर सुनील ठाकुर
भाजपा जिला अध्यक्ष बिलासपुर कृष्ण लाल चंदेल ने कहा कि देवभूमि हिमाचल प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। शांतिप्रिय और सौहार्दपूर्ण वातावरण के लिए प्रसिद्ध प्रदेश आज अपराध, नशा और असुरक्षा के बढ़ते माहौल से जूझ रहा है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में चिट्टे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है और युवाओं का भविष्य नशे की भेंट चढ़ रहा है। नशा माफिया बेखौफ होकर अपना नेटवर्क चला रहा है, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में चोरी, लूटपाट और आपराधिक गतिविधियों में बढ़ोतरी हुई है।
कृष्ण लाल चंदेल ने कहा कि अब स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि लोगों के घरों और गौशालाओं से पशुओं की चोरी की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग अपने पशुधन की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। यह स्थिति प्रदेश में कानून व्यवस्था की वास्तविक तस्वीर को उजागर करती है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में शिमला में दिनदहाड़े गोलीबारी और महिला हत्या जैसी घटनाओं ने प्रदेशवासियों को झकझोर कर रख दिया है। हिमाचल जैसे शांत प्रदेश में हथियारों का बढ़ता प्रचलन और आपराधिक तत्वों के बढ़ते हौसले अत्यंत चिंताजनक हैं। इससे आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल उत्पन्न हुआ है।
कृष्ण लाल चंदेल ने प्रदेश सरकार से मांग की कि नशा माफिया, अपराधियों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं ताकि प्रदेश में शांति और सुरक्षा का वातावरण पुनः स्थापित हो सके।
उन्होंने कहा कि भाजपा जनता की सुरक्षा, युवाओं के भविष्य और प्रदेश की कानून व्यवस्था के मुद्दे पर निरंतर आवाज उठाती रहेगी तथा सरकार को उसकी जिम्मेदारियों का एहसास कराती रहेगी।