बिलासपुर,
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कलर में मंगलवार को स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन सर्वसम्मति से किया गया। बैठक की शुरुआत एसएमसी सदस्यों के चयन से हुई, जिसमें सभी सदस्यों का सर्वसम्मति से चुनाव किया गया। इसके बाद नवगठित समिति ने उपप्रधान का भी सर्वसम्मति से चयन किया।
समिति के सदस्यों ने महेंद्र पाल कटवाल द्वारा पूर्व में किए गए उत्कृष्ट कार्यों और विद्यालय के प्रति उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें लगातार चौथी बार एसएमसी का प्रधान चुना। बैठक में ग्राम पंचायत कलर के प्रधान दीपक, उपप्रधान, वार्ड सदस्य तथा पंचायत के अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
ग्राम पंचायत प्रधान दीपक ने अपने संबोधन में कहा कि पंचायत विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव सहयोग करेगी और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर माहौल तैयार करने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहेगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने नवनिर्वाचित एसएमसी समिति को बधाई देते हुए विद्यालय की उपलब्धियों, चल रहे विकास कार्यों तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विश्वास जताया कि नई समिति के सहयोग से विद्यालय नई ऊंचाइयों को छुएगा।
नवनिर्वाचित एसएमसी प्रधान महेंद्र पाल कटवाल ने प्रधानाचार्य के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय में जहां भी कुछ कमियां हैं, उन्हें सभी के सहयोग से दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एसएमसी, विद्यालय प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधि मिलकर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कलर के शैक्षणिक एवं आधारभूत विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे।