बिलासपुर सुनील ठाकुर
जिला बिलासपुर के निहारखन बासला में आयोजित पारंपरिक दंगल खेल भावना, रोमांच और सामाजिक सरोकारों का अनूठा संगम बनकर सामने आया। दंगल में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे समाजसेवी एवं चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार ने अपनी संवेदनशीलता और तत्परता से लोगों का दिल जीत लिया। मुकाबलों के दौरान एक पहलवान के अचानक चोटिल हो जाने पर डॉ. अनिल कुमार बिना किसी देरी के स्वयं अखाड़े में पहुंचे और घायल पहलवान की प्राथमिक देखभाल कर उसका हालचाल जाना। उनके इस मानवीय व्यवहार की वहां मौजूद दर्शकों, खिलाड़ियों और आयोजकों ने जमकर सराहना की।
रोमांचक मुकाबलों के बीच घायल पहलवान की की प्राथमिक देखभाल, बड़ी माली में प्रीत समोह और छोटी माली में सोनू बगा बने विजेता
इस अवसर पर डॉ. अनिल कुमार ने क्षेत्रवासियों को एक और सौगात देते हुए घोषणा की कि निहारखन बासला में शीघ्र ही एक निशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श, जांच और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। डॉ. अनिल ने कहा कि समाज सेवा और स्वास्थ्य सुविधाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाना उनका उद्देश्य है।
निहारखन बासला में पहलवानों ने दिखाया दमखम
दंगल में प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों से आए पहलवानों ने दमखम दिखाते हुए रोमांचक मुकाबले पेश किए। बड़ी माली के मुकाबले में 7100 और 6100 रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई थी, जिसमें प्रीत समोह के पहलवान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि बादशाह भट्टी उपविजेता रहे।
वहीं, छोटी माली के मुकाबले में 5200 और 4100 रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई थी। इस मुकाबले में सोनू बगा ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि कुनाल चंडीगढ़ को उपविजेता घोषित किया गया।
दंगल के सफल आयोजन में दंगल कमेटी के प्रधान प्यारे लाल ठाकुर, उपप्रधान पवन ठाकुर, सचिव रणजीत, कोषाध्यक्ष जय कृष्ण, कुलवीर भडोल, बुद्धु सिंह, प्रकाश ठाकुर, पंकज ठाकुर और राजकुमार सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन समिति ने सभी खिलाड़ियों, अतिथियों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल पारंपरिक खेलों को बढ़ावा मिलता है, बल्कि आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता की भावना भी मजबूत होती है।