बिलासपुर
नवगठित ग्राम पंचायत दसलेहड़ा एवं झबोला के प्रधानों श्रीमती सुषमा शर्मा और श्री भाग सिंह के नेतृत्व में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में झण्डूता के लोकप्रिय विधायक जीतराम कटवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिला मंडलों, युवाओं तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया। इस अवसर पर विधायक जी का गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक जीतराम कटवाल ने नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की सबसे मजबूत इकाई हैं और ग्रामीण विकास की वास्तविक तस्वीर पंचायत स्तर पर किए गए कार्यों से ही निर्धारित होती है। उन्होंने कहा कि जनता ने जिन प्रतिनिधियों पर विश्वास व्यक्त किया है, उन्हें उस विश्वास को विकास, पारदर्शिता और जनसेवा के माध्यम से और अधिक मजबूत बनाना होगा।
विधायक कटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है। विकसित भारत का यह संकल्प तभी सफल होगा जब गांव आत्मनिर्भर, सशक्त और आधुनिक बनेंगे। इस दिशा में पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है, क्योंकि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का दायित्व उन्हीं के कंधों पर है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के लिए चलाई जा रही अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं ने गांवों की तस्वीर और तकदीर बदलने का कार्य किया है।
सड़क, पेयजल, स्वच्छता, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्रों में अभूतपूर्व परिवर्तन देखने को मिला है। अब आवश्यकता इस बात की है कि पंचायत प्रतिनिधि इन योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करें। विधायक जी ने नव निर्वाचित प्रतिनिधियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे राजनीतिक भेदभाव से ऊपर उठकर पंचायतों के सर्वांगीण विकास को अपनी प्राथमिकता बनाएं तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर विकास की नई इबारत लिखें। उन्होंने कहा कि मजबूत पंचायतें ही मजबूत राष्ट्र की नींव रखती हैं और आज का भारत इसी दिशा में आगे बढ़ रहा है।
अंत में विधायक जीतराम कटवाल ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित कर उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं तथा विकसित भारत के संकल्प को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया।