मंडी
सुंदरनगर में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने एक ही परिवार के चार सदस्यों को चिट्टे (हेरोइन) सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों में मां, बेटा, बहू और बेटी शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 6.650 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम विशेष अभियान के तहत कांगू क्षेत्र में नाकाबंदी और गश्त कर रही थी। इसी दौरान चंडीगढ़ नंबर की एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से 6.650 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद कार में सवार चारों लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव पुत्र राजकरण, सरला पत्नी राजकरण, ज्योति पत्नी गौरव निवासी सलापड़ कॉलोनी, सुंदरनगर तथा रिशु पत्नी गिरीश शर्मा निवासी चंडीगढ़ के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सरला परिवार की मुखिया हैं, जबकि गौरव उनका बेटा, ज्योति बहू और रिशु बेटी है।
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किस उद्देश्य से की जानी थी। उन्होंने कहा कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है तथा आरोपियों के संभावित नेटवर्क और अन्य संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है। चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।