बिलासपुर
झंडूता विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान में रविवार को झंडूता में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक जीतराम कटवाल मुख्य अतिथि तथा भाजपा जिला अध्यक्ष कृष्णलाल चंदेल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने जिला परिषद और बीडीसी सदस्यों के साथ पंचायत प्रधानों, उपप्रधानों और वार्ड सदस्यों को पटका पहनाकर तथा बाबा बालकनाथ की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विधायक जीतराम कटवाल ने कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की सबसे मजबूत इकाई हैं और प्रदेश तथा राष्ट्र के सशक्त निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास से चुने गए प्रतिनिधियों का दायित्व विकास, जनसेवा और पारदर्शिता के माध्यम से लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है। विकास कार्यों में राजनीति से ऊपर उठकर जनहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र ने देश को नई दिशा दी है और यही भावना पंचायतों को भी नई पहचान प्रदान करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए गांवों का विकास और पंचायतों का आत्मनिर्भर बनना आवश्यक है।
विधायक ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करना है। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। सड़कों, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल सुविधाओं और ग्रामीण आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से नशामुक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के कौशल विकास और सामाजिक समरसता जैसे विषयों को प्राथमिकता में शामिल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के बाद विधायक ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से उनके क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान का आश्वासन भी दिया।