शिमला
हिमाचल प्रदेश नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की चौथे वर्ष की छात्रा हिमांशी हंडूजा को CAN फाउंडेशन द्वारा प्रतिष्ठित ‘एकलव्य 2024’ स्कॉलरशिप से सम्मानित किया गया है। यह स्कॉलरशिप उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता और प्रतिभा को देखते हुए प्रदान की गई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, CAN फाउंडेशन ने चयन प्रक्रिया पूरी करने के बाद छात्रा के पक्ष में 75 हजार रुपये की स्कॉलरशिप राशि जारी कर दी है। ‘एकलव्य स्कॉलरशिप’ का उद्देश्य विधि शिक्षा प्राप्त कर रहे मेधावी छात्रों को आर्थिक सहायता प्रदान करना तथा शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देना है।
विश्वविद्यालय ने कहा कि यह उपलब्धि HPNLU के छात्रों की मेहनत, समर्पण और शैक्षणिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने हिमांशी हंडूजा को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही विधि शिक्षा और छात्र सशक्तिकरण के क्षेत्र में सहयोग के लिए CAN फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया गया है।